32.3 C
Lucknow
Friday, July 31, 2026

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एडीजी ने लिया जायजा, पांचाल घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ थाना कादरी गेट क्षेत्र स्थित पांचाल घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, कंट्रोल प्वाइंट तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने घाट क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई को और बेहतर बनाने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article