30 C
Lucknow
Saturday, May 2, 2026

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त, सड़क पर गिरे तार

Must read

राजेपुर। राजेपुर-डबरी मुख्य मार्ग पर गंगापार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सामने शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा झुक गया और उससे जुड़े बिजली के तार टूटकर सड़क पर आ गिरे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सड़क पर फैले बिजली के तारों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोग जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करते नजर आए। स्थानीय लोगों ने इसे ‘मौत का जाल’ बताते हुए बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही जर्जर और पुराने बिजली तारों का जाल फैला हुआ है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने तत्काल प्रभाव से टूटे तारों को हटाने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
मामले में राजेपुर बिजली उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर हरिओम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही विभागीय टीम को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षतिग्रस्त बिजली पोल और केबल की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article