42 C
Lucknow
Friday, June 26, 2026

मेरठ में चलती डबल डेकर एसी बस में भीषण आग

Must read

– यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर बचाई जान

मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार को बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब यात्रियों से भरी एक डबल डेकर एसी बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से कूदना शुरू कर दिया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरी डबल डेकर बस धू-धूकर जलने लगी और थोड़ी ही देर में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि बस यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। हादसा दौराला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हुआ। आग लगने के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। यदि आग फैलने से पहले यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिलता, तो बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस के तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्री बसों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास और नियमित फिटनेस जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article