कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के कथित दुर्व्यवहार से परेशान होकर पुलिस से सहायता की गुहार लगाई है। मामले में रविवार को अजुहा चौकी पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शाखा गांव निवासी प्रमोद कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी शादी करीब तीन साल पहले लोधन का पुरवा गांव की एक युवती से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार ठीक नहीं रहा और लगातार विवाद की स्थिति बनी रही।
प्रमोद कुमार के अनुसार, वह अपनी पत्नी को मुंबई भी लेकर गए थे, ताकि माहौल बदलने से स्थिति सुधरे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनका कहना है कि समझाने की कोशिश करने पर पत्नी उन्हें प्रताड़ित करती है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के पिता और भाई भी उसे धमकाते हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
मामले में अनुराग सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


