कानपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ककवन क्षेत्र में पाण्डु नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। पुल की एप्रोच और संरचना प्रभावित होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय हादसे से बचने के लिए पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया गया। साथ ही भारी वाहनों को बिल्हौर में ही रोक दिया गया, ताकि क्षतिग्रस्त पुल पर किसी प्रकार का दबाव न पड़े।
पुल धंसने से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित करा रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पुल का तकनीकी निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सुरक्षा कारणों से बंद किए गए मार्ग का उपयोग करने का प्रयास न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।


