उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के डकारी इलाके में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक किन्नर को बंधक बनाकर घर में जमकर लूटपाट की और फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़िता वैशाली का आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसने के बाद उनके साथ मारपीट की, बंधक बनाया और घर में रखे जेवरात, तीन मोबाइल फोन, करीब 10 लाख रुपये नकद, एक बाइक तथा सीसीटीवी डीवीआर अपने साथ ले गए। पीड़िता के अनुसार, बदमाश करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हुए।
घटना में घायल वैशाली को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक , क्षेत्राधिकारी सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।


