फर्रुखाबाद। गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां टेंट का सामान समेट रहे एक युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के लौहापानी गांव में एक शादी समारोह के बाद टेंट हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान टेंट का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप को पकड़े हुए युवक को तेज करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान शमशाबाद थाना क्षेत्र के मुजायदपुर निवासी सुरेंद्र (करीब 30 वर्ष) पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह टेंट व्यवसाय से जुड़े एक ठेकेदार के साथ काम करता था और इसी सिलसिले में मौके पर पहुंचा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपने पिता के साथ रहता था। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
टेंट हटाते समय करंट की चपेट में आया मजदूर, मौके पर मौत


