30.7 C
Lucknow
Monday, September 28, 2026

SIR के विरोध मे प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता

Must read

 

लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन कांग्रेस के देशव्यापी अभियान का हिस्सा बताया गया है।

चुनाव आयोग कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की और कपड़े फाड़े। बाद में कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजे जाने की बात सामने आई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। कार्यकर्ताओं ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बड़े स्तर पर बदलाव किया जा रहा है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।

कांग्रेस का कहना है कि SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार आंदोलन कर रही है। पार्टी ने 28 सितंबर को देशभर के जिला स्तर पर विरोध मार्च का आह्वान किया था। दूसरी ओर, SIR से जुड़े आरोपों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

प्रदर्शन को देखते हुए चुनाव आयोग कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हुई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर मौके से हटाया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article