कायमगंज/फर्रुखाबाद
14/मई/2026
तेज रफ्तार और अनियंत्रित ओवरलोड बालू लदे डंपर ने गुरुवार को साइकिल से दवा लेने जा रही एक छात्रा को कुचल दिया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक हाथ और पैर डंपर के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कायमगंज क्षेत्र के गांव मझोला निवासी 17 वर्षीय हिमांशी पुत्री नेत्रपाल साइकिल से कायमगंज दवा लेने जा रही थी। उसके साथ उसका चचेरा भाई निखिल भी दूसरी साइकिल से जा रहा था।जैसे ही वह अलीगंज मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग पार कर स्टेशन के पास स्थित ठेका के पास पहुंचे तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बालू से लदे डंपर संख्या यूपी 82 एटी 5751 ने हिमांशी की साइकिल में जोर दार टक्कर मार दी।
हिमांशी सड़क पर गिर गई और डंपर के पहिए के नीचे आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई निखिल बाल-बाल बच गया। घटना में छात्रा की साइकिल भी बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई ।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आस पास के दुकानदार मौके पर जा पहुंचे और भारी भीड़ जुट गई।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन परिचालक ऋषभ निवासी एटा को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डंपर को कब्जे में लेकर परिचालक को हिरासत में ले लिया। घायल परिचालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया।
वही हिमांशी को कायमगंज में प्राथमिक उपचार देने के बाद राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था।
वही छात्रा की लोहिया जाते समय रास्ते में मौत हो गई है परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
बताया गया कि हिमांशी नगर के कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि डंपर और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


