– युवाओं के लिए बनेगा बौद्धिक केंद्र
– मंत्री असीम अरुण के सराहनीय प्रयास व पं. शिवाकांत महाराज की उपस्थिति नें गरिमा बधाई
कन्नौज। शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा देने की पहल के तहत नेरा, मानीमऊ में शनिवार को ‘पंडित सतीश चन्द्र स्मारक पुस्तकालय’ का भूमि पूजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह पहल प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के सराहनीय प्रयासों से क्षेत्र में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुस्तकालय की आधारशिला रखी गई। मंत्री ने कहा कि यह पुस्तकालय केवल एक इमारत नहीं होगा, बल्कि ज्ञान का केंद्र बनेगा, जहां से भविष्य के अधिकारी, शिक्षक और विद्वान निकलेंगे।
उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए विधायक निधि से ₹15 लाख की सहायता देने की घोषणा की, जिससे निर्माण कार्य को गति मिलेगी।
इस पहल की खास बात यह भी है कि इसमें जनभागीदारी को प्रमुखता दी गई है। पत्रकार सौरभ द्विवेदी की प्रेरणा और प्रमोद दुबे व प्रतीक दुबे (कुमार कोल्ड स्टोर) के सहयोग से विकसित हो रहा यह पुस्तकालय ‘राग देस’ पुस्तकालय के साथ मिलकर जिले में पढ़ने की संस्कृति को फिर से जीवंत करने का काम करेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे गांव और आसपास के क्षेत्र के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और शांत अध्ययन वातावरण मिलेगा, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
जहां एक ओर डिजिटल युग में किताबों से दूरी बढ़ रही है, वहीं ऐसे पुस्तकालय समाज में ज्ञान और संस्कार की नई रोशनी जगा सकते हैं। यह पहल केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है।


