कायमगंज/फर्रुखाबाद: यूपीपीसीएस 2024 की प्रतिष्ठित परीक्षा में 126वीं रैंक हासिल कर जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित हुए अभिषेक राजपूत का आज शनिवार को कायमगंज पहुंचने पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही अभिषेक कायमगंज से सटे गांव टिलियां पहुंचे, स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर उन्हें सिर-आंखों पर बिठा लिया। पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला।अभिषेक राजपूत के स्वागत सम्मान का कार्यक्रम यहां के स्थानीय लोगों ने रखा था
अभिषेक राजपूत मूल रूप से एटा जनपद के मारहरा क्षेत्र के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। स्वागत समारोह के दौरान उनके पिता डोरी सिंह (शिक्षक ) और माता सर्वेश कुमारी ( शिक्षिका ) भी मौजूद रहीं, जिनके चेहरे पर बेटे की सफलता की खुशी साफ झलक रही थी।
इस मौके पर अभिषेक ने उपस्थित लोगों और खासकर स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि “कठिन परिश्रम ही सफलता की असली कुंजी है। जो छात्र शुरुआत में ही अपने लक्ष्य को तय कर लेता है, वह उसे हासिल करके ही रहता है।” उन्होंने बच्चों को माता-पिता की आज्ञा का पालन करने और पढ़ाई को प्राथमिकता देने की सीख दी।
अभिषेक के स्वागत में उमड़ी भीड़ ने उनके विचारों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें अपना आदर्श बताया। कार्यक्रम में हरिओम राजपूत, नीरज राजपूत, महेंद्र राजपूत, भूपेन्द्र सिंह राजपूत,कप्तान सिंह राजपूत ,अनूप राजपूत, मंजेश राजपूत सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अभिषेक की इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा भर दी है और यह साबित कर दिया है कि लगन और मेहनत के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
“यूपीपीसीएस में 126वीं रैंक लाकर चमके अभिषेक राजपूत, कायमगंज पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत”


