कासगंज: यूपी के कासगंज (Kasganj) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने पहले अपने 9 साल के बेटे को जहर खिलाया और फिर खुद भी खा लिया, मां-बेटे (Mother and son) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
खबरों के मुताबिक, पूरा मामला सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के लाधौली गांव का है, जहां रहने वाली पिंकी (35) का किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हो गया, जिसके बाद पिंकी ने घर में रखे जहरीले पदार्थ को 9 साल के बेटे रेयांश को खिला दिया, उसके बाद खुद भी सेवन कर लिया। जिसके बाद दोनों की तबियत बिगड़ गई, तबियत बिगड़ता देख परिवार के लोग अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच कर रेयांश को मृत घोषित कर दिया।
वही पिंकी की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया। मां-बेटे की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और दोनों की लाश को पीएम के लिए भेजा। परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल खौफनाक कदम के पीछे की असल वजह का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।


