अमेठी में किसानों का गुस्सा अब बड़े आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के चार किसानों को जेल भेजे जाने के विरोध में सोमवार को हजारों किसान कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। इस प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के शामिल होने की भी घोषणा की गई है।
दरअसल, शनिवार शाम को समाधान दिवस के दौरान अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की थी। इस दौरान जिला प्रभारी अजय मिश्र ‘विल्सन बाबा’, पारस, सूरजदीन और राजकुमार पाल को हिरासत में लेकर बाद में शांति भंग के आरोप में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
यह घटना उस समय हुई जब जिलाधिकारी संजय चौहान तहसील में समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। इसी दौरान किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे और जिलाधिकारी की गाड़ी रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर चारों किसानों को हिरासत में ले लिया।
इस कार्रवाई के बाद किसानों में भारी आक्रोश फैल गया है। जिला अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्र ने इस घटना की जानकारी संगठन के शीर्ष नेतृत्व को दी, जिसके बाद बड़े स्तर पर आंदोलन का आह्वान किया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अलीगढ़ और सहारनपुर जैसे पश्चिमी जिलों से भी किसान बड़ी संख्या में अमेठी पहुंच रहे हैं। सोमवार सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट घेराव कार्यक्रम शुरू होगा।
प्रशासन ने संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अब सभी की नजर इस प्रदर्शन पर टिकी है कि यह आंदोलन किस दिशा में जाता है और प्रशासन इस स्थिति से कैसे निपटता है।


