मिर्ज़ापुर (शाहजहांपुर) संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर की जयंती पर यहां ग्राम ढाई के पूर्व प्रधानाध्यापक मेवाराम के संरक्षण एवं नेता युवा अलवर सिंह मोनू की अगुआई में विशाल जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली में बाबा साहब के कलान और जलालाबाद तहसीलों के सैकड़ों अनुयायियों ने हर्षोल्लास के साथ सहभागिता की।
दुपहिया और चार पहिया वाहनों से निकाली गई रैली ग्राम ढाई से चलकर पृथ्वीपुर,इस्माइलपुर, कम्मरपुर,मिर्ज़ापुर बहरिया होते हुए ग्राम हरसीपुर पहुंची। जहां बाबा साहब और भगवान बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद वापसी में मिर्जापुर से ग्राम जरियनपुर,तारापुर होते हुए ग्राम पृथ्वीपुर पहुंची। जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद ढाई गांव में वापस पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली में सुरक्षा की दृष्टि से मिर्जापुर थाना प्रभारी सोनी शुक्ला आगे आगे चल रहीं थीं। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाने के दरोगा और कांस्टेबिल साथ चल रहे थे। तेज धूप और लू के बीच भरी दुपहरी में गर्मी और लू के थपेड़ों से निश्चिंत युवा बाबा साहब अमर रहे आदि जोशीले नारे लगाते हुए चल रहे थे। ढाई गांव से शुरू हुई रैली में बाबा साहब के अनुयायियों का उत्साह देखते बन रहा था।


