34.6 C
Lucknow
Saturday, July 25, 2026

रुहेलखंड विश्वविद्यालय के ‘ऑरा 2026’ में डीजे नाइट बनी बवाल की वजह, छात्रों में मारपीट और तोड़फोड़

Must read

बरेली
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित ‘ऑरा 2026’ कार्यक्रम के दौरान डीजे नाइट एक बड़े विवाद में बदल गई। अटल सभागार में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में डांस के दौरान मामूली धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया गया कि इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन के तृतीय वर्ष के छात्र राजशेखर शुक्ला का डांस करते समय मैकेनिकल के छात्र वैभव सिंह को धक्का लग गया। इसी बात पर वैभव ने राजशेखर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला बढ़ गया और राजशेखर के दोस्तों—आलोक, अतुल, राहुल, सुमित और मुकेश—ने मिलकर वैभव की पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।

हालांकि विवाद यहीं नहीं थमा। रात की घटना के बाद गुस्साए वैभव और उसके साथियों—वेदांत, गणेश और मंगल सिंह—ने बीडीए हॉस्टल पहुंचकर राजशेखर की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। इससे दोनों गुटों के बीच तनाव और बढ़ गया, जिसने अगले दिन फिर हिंसक रूप ले लिया।

अगली सुबह बीडीए हॉस्टल के मेस में राजशेखर के दोस्त सुमित कुमार को अकेला पाकर दूसरे गुट ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि सुमित की आंख के नीचे से खून निकलने लगा। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवेंद्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित छात्र पहले भी आपसी विवाद और गाली-गलौज में शामिल रहे हैं। इसके चलते तीन छात्रों को निलंबित कर दिया गया है और उन्हें 20 अप्रैल को अपने माता-पिता के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया गया है।

इस पूरे मामले में एक और विवाद सामने आया है, जहां पीड़ित पक्ष ने बाइक को हुए लगभग 25 हजार रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की है। आरोप है कि आरोपी पक्ष से जुड़े एक विभागाध्यक्ष आर्थिक नुकसान की भरपाई से इनकार कर रहे हैं। अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर है, जिससे आगे की कार्रवाई तय होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article