सोता वाली पुलिया के पास दिखा विशालकाय मगरमच्छ, चीखते-भागते नजर आए ग्रामीण
अमृतपुर
गंगा की बाढ़ का पानी घटने-बढ़ने के बीच अब ग्रामीणों के सामने एक नया खतरा खड़ा हो गया है। कुम्हरौर गांव में सोता वाली पुलिया के पास बाढ़ के पानी से जुड़े नाले में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ का मुंह पानी से बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। डर के मारे कई ग्रामीण वहां से भाग निकले।
बताया गया कि बाढ़ के पानी के साथ मगरमच्छ सोता नाला तक पहुंचा है। इसी दौरान एक ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित दूरी से मगरमच्छ की तस्वीर मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। विशालकाय मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
कुम्हरौर की सोता वाली पुलिया के आसपास बाढ़ का पानी भरा होने के बावजूद कई बच्चे नहाने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी ने खतरे को और गंभीर कर दिया है। यदि समय रहते लोगों को वहां जाने से नहीं रोका गया तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
गंगा पार अमृतपुर क्षेत्र में पहले से ही बाढ़ ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो रही हैं और आवागमन समेत जनजीवन प्रभावित है। अब बाढ़ के पानी में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल मौके पर निगरानी बढ़ाने तथा मगरमच्छ को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


