लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र के आईआईएम रोड स्थित एल्डिको सिटी तिराहे के पास एक अपार्टमेंट में युवती और उसके भाई पर सोसाइटी के अध्यक्ष व उनके साथियों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवती के साथ मारपीट, छेड़छाड़, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश की। पुलिस पर चार दिन तक कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया, जिसके बाद अफसरों के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने भाई के साथ अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। बीते गुरुवार को वह घर पर थी, तभी सोसाइटी के अध्यक्ष रमन सिंह अपने साथियों के साथ फ्लैट का दरवाजा पीटने लगे। दरवाजा खोलने में देरी होने पर उन्होंने लात मारकर दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर गालीगलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने युवती को बाल पकड़कर घसीटा, लात-घूसों से पीटा, कपड़े फाड़ दिए और सिर दीवार पर पटक दिया। बचाव में पहुंचे भाई को भी बुरी तरह पीटा गया।
युवती ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे बंधक बना लिया और गले की सोने की चेन, कान की बाली, मेज की दराज में रखे 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी और बालकनी से नीचे फेंकने की कोशिश की, लेकिन वह तीसरी मंजिल से गिरते-गिरते बच गई।
पीड़िता ने बताया कि घटना की शिकायत लेकर वह चौकी और थाने के कई चक्कर काटती रही, लेकिन चार दिनों तक उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार उसने थाने के बाहर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उसने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और मड़ियांव पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती का कुछ दिन पहले गाड़ी लगाने को लेकर सोसाइटी के गार्ड से विवाद हुआ था। इस दौरान उसने गार्ड का मोबाइल पटककर तोड़ दिया था। इसी विवाद के चलते सोसाइटी के लोगों से कहासुनी बढ़ी थी। फिलहाल युवती की तहरीर पर सोसाइटी अध्यक्ष रमन सिंह और उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, फ्लैट के अंदर हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि यूथ इंडिया इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।






