फिरोजाबाद। जनपद में बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर उस समय हड़कंप मच गया जब गुजरात से असम जा रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बोगी आग की लपटों से घिर गई। बोगी में नई कारें लदी थीं, जिनमें से लगभग 10 कारें जलकर राख हो गईं।
घटना रूपसपुर के निकट शाम करीब चार बजे की है। ट्रैक पर कार्य कर रहे मजदूरों ने सबसे पहले बोगी से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं और तत्काल गार्ड को सूचना दी। सूचना मिलते ही चालक और गार्ड ने सूझबूझ का परिचय देते हुए कंट्रोल रूम को अवगत कराया तथा मजदूरों की मदद से आग लगी बोगी को मालगाड़ी से अलग कर दिया। इससे आग अन्य बोगियों तक नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बोगी पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर रेल संचालन भी प्रभावित रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


