59.50 घनमीटर बालू मिली, CCTV बंद; चेक गेट और बिक्री का दैनिक हिसाब गायब
अमृतपुर।
तहसील अमृतपुर क्षेत्र के हुसैनपुर राजपुर स्थित बालू भंडारण स्थल पर प्रशासन ने बुधवार को अचानक गहन निरीक्षण कर स्टॉक से लेकर बिक्री व्यवस्था तक की पड़ताल की। जिलाधिकारी डॉ. अंकुल लाठर के निर्देशन में उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे से अधिक समय तक एक-एक बिंदु की जांच की। निरीक्षण में स्टॉक और अभिलेखों से संबंधित कई कमियां सामने आईं।
मौके पर 59.50 घनमीटर बालू का स्टॉक पाया गया। संबंधित पक्ष ने बालू गंगा नदी के बलीपट्टी रानी और ढाईघाट क्षेत्र से एकत्र किए जाने की जानकारी दी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद बालू की वास्तविक मात्रा का सत्यापन कराया। कानूनगो लाल बहादुर ने पूरे स्टॉक की पैमाइश की।निरीक्षण के दौरान स्टॉक स्थल पर लगे CCTV कैमरे बंद मिले। चेक गेट की व्यवस्था भी मौके पर नहीं मिली। अधिकारियों ने बालू की आवक और निकासी का दैनिक रिकॉर्ड मांगा, लेकिन संबंधित पक्ष मौके पर दैनिक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। रोजाना बेची गई बालू का रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला।इससे प्रशासनिक टीम ने स्टॉक की वास्तविक मात्रा के साथ उसके आवक-निकासी रिकॉर्ड की भी जांच की। अधिकारियों ने उपलब्ध अभिलेखों और मौके की स्थिति का मिलान किया।जांच के दौरान जिस स्थान से बालू की बिक्री की जाती थी, वहां पंजीकृत धर्मकांटा नहीं मिला। इसके साथ ही सेल प्राइस रजिस्टर सहित अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। प्रशासन ने स्टॉक स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और अभिलेखों को जांच में शामिल किया।एसडीएम श्वेता साहू ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ स्टॉक की पैमाइश, अभिलेखों और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चले निरीक्षण में स्टॉक से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को बारीकी से देखा गया।उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों और कमियों की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को प्रेषित की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस जांच के बाद बालू भंडारण और बिक्री से जुड़े कारोबारियों में हलचल है। अब निगाहें जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


