बरेली: यूपी के बरेली (Bareilly) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भुता थाना क्षेत्र के अदीनापुर गांव (Adinapur village) पानी पीने गए 6 साल के बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गांव वालों की मदद से बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खबरों के मुताविक, पूरा मामला भुता थाना क्षेत्र के अदीनापुर गांव का है। आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ने वाला 6 साल का लविश कुएं के पास पानी पीने के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और कुएं में जा गिरा। लविश के कुएं में गिरते ही उसके दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद गांव वाले औऱ शिक्षक दौड़कर मौके पर पहुंचे और लविश को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे उसे बाहर नहीं निकाल सके।
उसके बाद गांव वालों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गांव की मदद से बच्चे को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया। फॉरेंसिक की टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


