28.6 C
Lucknow
Tuesday, September 22, 2026

महिला होमगार्ड की स्कूटी ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, ट्रैफिक पुलिस पर पक्षपात का आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। छोटी जेल चौराहे के पास मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्कूटी सवार एक महिला होमगार्ड ने साइकिल से जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार घायल हो गया और उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे। पीड़ित ने ट्रैफिक पुलिस पर महिला होमगार्ड के पक्ष में कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
मानिकपुर निवासी बृजेश कुमार पुत्र मकसूदन साइकिल से तारीख पर जा रहे थे। बताया गया कि वह छोटी जेल चौराहे के पास से गुजर रहे थे, तभी स्कूटी संख्या UP76 AM 5895 से आ रही महिला होमगार्ड ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बृजेश कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि उनकी साइकिल भी टूट गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चौराहे के पास मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना में घायल होने के बावजूद उसकी मदद करने के बजाय ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे ही हड़काना शुरू कर दिया।
बृजेश कुमार का आरोप है कि महिला होमगार्ड से दुर्घटना को लेकर कोई पूछताछ नहीं की गई। इसके विपरीत उसे मौके से जाने दिया गया। पीड़ित के मुताबिक, वह क्षतिग्रस्त साइकिल के साथ मौके पर ही खड़ा रहा, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने उसकी मदद करने से भी इनकार कर दिया।
घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में भी नाराजगी दिखाई दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि यदि सड़क पर आम व्यक्ति से दुर्घटना होती तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती, लेकिन महिला होमगार्ड के मामले में अलग रवैया अपनाया गया। इसी को लेकर ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और अपनी क्षतिग्रस्त साइकिल का उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर ट्रैफिक पुलिस का पक्ष सामने नहीं आ सका है। पुलिस का आधिकारिक पक्ष मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article