लखनऊ
शनिवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर एक अंतरराष्ट्रीय विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिससे कुछ समय के लिए हलचल मच गई। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट को खराब मौसम के कारण काठमांडू में उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी, जिसे तुरंत मंजूरी दे दी गई।
अनुमति मिलने के बाद विमान को सुबह 8:22 बजे अमौसी स्थित लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाइट संख्या एफजेड-1133 में कुल 154 यात्री सवार थे। लैंडिंग के बाद तकनीकी टीम ने विमान की पूरी जांच की, ताकि किसी भी संभावित समस्या को सुनिश्चित किया जा सके। जांच के दौरान कोई गंभीर तकनीकी खामी सामने नहीं आई।
जांच पूरी होने के बाद विमान में दोबारा ईंधन भरा गया और यात्रियों को आवश्यक जानकारी दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद, सुबह लगभग 10 बजे विमान को फिर से काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
गौरतलब है कि इससे पहले 31 मार्च को भी लखनऊ एयरपोर्ट पर एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। उस दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में पायलट के केबिन में धुआं महसूस हुआ था, जिसके बाद मेडे कॉल जारी कर विमान को सुरक्षित लखनऊ में उतारा गया था। लगातार ऐसी घटनाओं के बावजूद एयरपोर्ट प्रशासन की तत्परता से सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।


