फर्रुखाबाद। लाल सराय स्थित भारत गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं का गुस्सा एक बार फिर भड़क उठा। मंगलवार को जाम लगाकर प्रदर्शन करने वाले उपभोक्ताओं को जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ने घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन बुधवार को भी किसी उपभोक्ता के घर सिलेंडर नहीं पहुंचा।
आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज उपभोक्ता बुधवार को दोबारा गैस एजेंसी पर पहुंच गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “प्रशासन होश में आओ” और “उपभोक्ताओं का शोषण बंद करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले कई दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। कई बार एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। मंगलवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद उन्हें उम्मीद थी कि समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में भाग लिया और बताया कि घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी पर अव्यवस्था का आलम है और जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस भी पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने एजेंसी प्रबंधन से जल्द समस्या के समाधान की बात कही।
आश्वासन के बाद भी नहीं मिला गैस सिलेंडर, उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, एजेंसी पर दोबारा हंगामा


