लखनऊ। राजधानी में बिजली उपभोक्ताओं के लिए अहम सूचना है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने स्मार्ट मीटर और प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए सिस्टम अपग्रेड का फैसला लिया है। इसके चलते आज 3 अप्रैल रात 10 बजे से 4 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक कई सेवाएं बंद रहेंगी।
इस अवधि के दौरान बिलिंग सेवा, ऑनलाइन उपभोक्ता पोर्टल और UPPCL कंज्यूमर ऐप पूरी तरह काम नहीं करेंगे। यानी उपभोक्ता इस दौरान बिजली बिल जमा नहीं कर पाएंगे और न ही अपने कनेक्शन से जुड़ी ऑनलाइन जानकारी देख सकेंगे।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन कार्य स्मार्ट मीटर सिस्टम को अधिक सुचारु और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए किया जा रहा है। इससे भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध सेवाएं मिल सकेंगी।


