लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच अब राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। शुक्रवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसका असर दिखाई देना शुरू होगा, जो धीरे-धीरे शनिवार तक पूर्वी जिलों तक पहुंच जाएगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत करीब 18 जिलों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। वहीं लगभग 11 जिलों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे अचानक मौसम में ठंडक महसूस होगी।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा था। बांदा में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर जैसे शहरों में भी पारा 39 से 40 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप ने लोगों को बेहाल किया, हालांकि रात के समय कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी राहत जरूर देगा, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ सकता है। फिलहाल किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम और ओलावृष्टि को देखते हुए सतर्क रहें, खासकर खुले में काम करने वाले लोग और फसल की कटाई कर रहे किसान।
जिन जिलों में मौसम का असर ज्यादा रहने की संभावना है, उनमें बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है।


