कमालगंज, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक सरफिरे युवक नें दरिंदगी का परिचय देते हुए बेज़ुबान पालतू कुत्ते पर गोली चला उसे बुरी तरह घायल कर दिया । इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीबीपुर गांव निवासी अनिकेत श्रीवास्तव का पालतू कुत्ता रात करीब 8 बजे उनके घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले राहुल कटियार वहां पहुंचे और अचानक कुत्ते पर फायरिंग कर दी। गोली कुत्ते की गर्दन के पास जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही तड़पने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक खाली खोखा भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
घायल कुत्ते का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है। वहीं इस घटना से पशु प्रेमियों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित अनिकेत श्रीवास्तव ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।÷
हैवानियत :पालतू कुत्ते पर दरिंदे युवक ने चलाई गोली, गांव में तनाव


