27 C
Lucknow
Thursday, April 2, 2026

निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण को लेकर बैठक, 10 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन

Must read

फर्रुखाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रगति, प्राप्त आवेदनों और उनके निस्तारण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान जनपद में कुल 2,70,370 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इन सभी मामलों की सुनवाई भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नियमानुसार प्रक्रिया अपनाते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई है ताकि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान दिनांक 27 अक्टूबर 2025 से 6 मार्च 2026 तक विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें फार्म-6 के तहत 70,512 आवेदन, फार्म-7 के अंतर्गत 2,764 आवेदन तथा फार्म-8 के तहत 18,427 आवेदन शामिल हैं। इन सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समयबद्ध तरीके से निस्तारण कर दिया गया है।

प्रशासन ने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद संशोधित मतदाता सूची जनसामान्य के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे पात्र नागरिक अपने नाम की पुष्टि कर सकेंगे।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और विचार रखे तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर उप जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक मुकेश कुमार गुप्ता, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के अचल प्रताप सिंह, सीपीआई (एम) के सुनील कुमार कटियार, अपना दल (एस) के चित्रांशु शुक्ला और कांग्रेस के त्रिलोचन सिंह समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article