अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र में ग्राम प्रधान के साथ दिनदहाड़े मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भुसेरा निवासी पीड़ित, जो पेशे से अधिवक्ता एवं वर्तमान ग्राम प्रधान है, 2 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे फतेहगढ़ से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दरापुर व पट्टी दरापुर के बीच रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि मुनेन्द्र सिंह उर्फ मोनू, सुखेन्द्र सिंह उर्फ सोनू, मान सिंह एवं प्रियंशु (निवासी ग्राम सिया, थाना कमालगंज) ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन भी गिर गया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों से उसकी पूर्व से रंजिश चली आ रही है। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया। इसके बाद आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित थाना राजेपुर पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


