24 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग से दहशत: बाइक सवार बदमाशों ने वृद्ध महिला से सोने की जंजीर लूटी

Must read

 

पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

 

इटावा। जनपद के लवेदी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लखना क्षेत्र में सब्जी खरीदकर घर लौट रहे दंपती को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने वृद्ध महिला के गले से सोने की जंजीर छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लवेदी थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर निवासी विनोद कुमार तिवारी, जो प्राविधिक शिक्षा विभाग लखनऊ से सेवानिवृत्त हैं, अपनी पत्नी कमला तिवारी के साथ ग्राम बसैयाहार में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने आए थे। शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे कथा समाप्त होने के बाद दोनों लखना नहर पुल से सब्जी खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे।
जैसे ही दंपती लखना-चकरनगर मार्ग पर लालपुल के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। बदमाशों ने कमला तिवारी के गले से सोने की जंजीर झपट ली और जंजीर लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लुटेरे दाउदपुर के सामने बंबा पटरी के रास्ते तेजी से भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित दंपती ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। दंपती ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वे काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित बाइक सवार लुटेरों की पहचान नहीं कर सके।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और लवेदी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रीति सेंगर व एसआई जितेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने दाउदपुर स्थित जनसेवा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वहीं क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। लखना नगर के नया नहर पुल क्षेत्र में भी दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चेन स्नेचिंग की घटना की सूचना मिली है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटा गया माल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article