फर्रुखाबाद। शनिवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना नवाबगंज का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस तथा पुलिसकर्मियों की बैरकों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के लिए भी कर्मचारियों को सख्ती से कहा।
एसपी आरती सिंह ने थाना क्षेत्र में सक्रिय एचएस (हिस्ट्रीशीटर), सक्रिय अपराधियों तथा टॉप-10 अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि सभी चिन्हित अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने थाना क्षेत्र के अधिकारी व कर्मचारियों को बीट प्रणाली को और मजबूत करने तथा यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का सही उपयोग कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसपी आरती सिंह का नवाबगंज थाने का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश


