बेंगलुरु
गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को IPL 2026 के पहले मुकाबले से ठीक पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के श्रीलंकाई तेज गेंदबाज नुवान तुषारा टूर्नामेंट के शुरुआती चरण से बाहर हो गए हैं। उनका बाहर होना टीम की गेंदबाजी योजनाओं पर सीधा असर डाल सकता है।
दरअसल, तुषारा श्रीलंका क्रिकेट के फिटनेस टेस्ट में पास नहीं हो सके, जिसके कारण उन्हें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिला। बिना NOC के किसी भी खिलाड़ी को विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं होती, जिससे उनका IPL खेलना फिलहाल रुक गया है।
RCB के लिए यह परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। टीम पहले से ही तेज गेंदबाज यश दयाल की गैरमौजूदगी से जूझ रही है, और अब जोश हेजलवुड के भी शुरुआती मैचों में नहीं खेलने की पुष्टि हो चुकी है। मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने साफ कर दिया है कि हेजलवुड सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषारा फिटनेस टेस्ट में आवश्यक 29 में से न्यूनतम 17 अंक हासिल नहीं कर पाए। हालांकि उन्हें चार से पांच दिन में दोबारा टेस्ट देने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी वापसी की उम्मीद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
लेकिन अगर वह दोबारा भी फिटनेस टेस्ट में सफल नहीं होते हैं, तो उन्हें पूरे IPL 2026 सीजन से बाहर होना पड़ सकता है। यह RCB के लिए एक बड़ा झटका होगा, क्योंकि टीम अपने खिताब बचाने के इरादे से मैदान में उतर रही है।
अब ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मुकाबले में RCB की गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आ सकता है। टीम को अपने अन्य गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, ताकि इस शुरुआती चुनौती को पार किया जा सके।


