27 C
Lucknow
Monday, August 17, 2026

हिच टूटने से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, आठ घायल

Must read

 

फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम में शामिल होने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली हिच टूटने से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ट्रॉली सवार आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल रमाकांत को उपचार के लिए कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, चौकी महमदपुर गांव निवासी जसवंत के यहां मंदिर में शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम होना था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गांव और रिश्तेदारी के लोग तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पांचाल घाट गए थे। शाम को लौटते समय जहानगंज क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूट गई। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में डीजे और जनरेटर भी लदा था तथा करीब 18 से 20 लोग सवार बताए गए हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर जहानगंज पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा। हादसे के चलते सड़क पर कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही।

लोहिया अस्पताल में एक साथ आठ घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार रमाकांत की पसली टूटकर फेफड़े में घुस गई, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। एक अन्य घायल के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे में लालू सिंह (25), रमाकांत (37), अंश (15), रजनेश (15), शेर सिंह (40), जितेंद्र (23), ध्रुव (15) और मोहित (18) घायल हुए हैं। थाना प्रभारी पूनम अवस्थी ने बताया कि हिच टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारण आठ लोग घायल हुए हैं। एक गंभीर घायल को कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article