32 C
Lucknow
Saturday, March 28, 2026

15 साल के हुए वैभव सूर्यवंशी, इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए अब पूरी तरह तैयार

Must read

लखनऊ
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी आज 15 साल के हो गए हैं और वह अपना जन्मदिन IPL 2026 के आगाज़ से ठीक एक दिन पहले मना रहे हैं। इतनी कम उम्र में ही उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है। अब उनका यह जन्मदिन उनके करियर का एक बड़ा मोड़ भी बन गया है।

IPL में डेब्यू के बाद से ही यह चर्चा तेज़ थी कि वैभव को भारत की सीनियर टीम में कब मौका मिलेगा। अब 15 साल की उम्र पूरी करते ही उनका इंतज़ार खत्म हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नियमों के अनुसार अब वे सीनियर इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह पात्र हो गए हैं, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के दरवाज़े खुल गए हैं।

दरअसल, ICC के प्लेयर एलिजिबिलिटी नियम (आर्टिकल 4.1) के मुताबिक कोई भी खिलाड़ी तभी इंटरनेशनल क्रिकेट खेल सकता है जब उसकी उम्र कम से कम 15 साल हो। यह नियम नवंबर 2020 में लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस नियम के तहत अब वैभव आधिकारिक रूप से भारतीय टीम के लिए चयन के योग्य हो चुके हैं।

रिकॉर्ड्स की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने बहुत कम समय में कई बड़े कारनामे अपने नाम किए हैं। वह IPL में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बने, जब उन्होंने महज़ 14 साल 32 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। इस सूची में दूसरे स्थान पर रियान पराग हैं, जिन्होंने 17 साल 175 दिन की उम्र में फिफ्टी लगाई थी।

इसके अलावा वैभव ने घरेलू क्रिकेट में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। ईडन गार्डन्स में महाराष्ट्र के खिलाफ उनकी 61 गेंदों में नाबाद 108 रन की पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया। इतना ही नहीं, वह 14 साल की उम्र में तीन टी-20 शतक लगाने वाले इकलौते खिलाड़ी भी बन गए हैं।

टी-20 क्रिकेट में भी उनका दबदबा साफ़ दिखाई देता है। वैभव ने 14 साल 32 दिन की उम्र में शतक लगाकर सबसे युवा टी-20 सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने यह कारनामा राजस्थान रॉयल्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ करते हुए सिर्फ 35 गेंदों में शतक पूरा किया, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है।

घरेलू करियर की बात करें तो वैभव अब तक बिहार के लिए 8 फर्स्ट क्लास और 8 लिस्ट-ए मुकाबले खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास में उनके नाम 207 रन, जबकि लिस्ट-ए में 353 रन दर्ज हैं। वहीं टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 18 मैचों में 701 रन बनाकर यह साबित कर दिया है कि वह आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन सकते हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article