कासगंज: नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य ने स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर दी है। गांधी मूर्ति के आसपास का क्षेत्र इन दिनों जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। राहगीरों, दुकानदारों और छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका द्वारा प्रभुपार्क होते हुए गांधी मूर्ति से माल गोदाम चौराहा तक नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के चलते घरों से निकलने वाले पानी की निकासी अस्थायी रूप से बाधित हो गई है। नतीजतन गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल रहा है, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय दुकानदार हृदेश कुमार ने बताया कि उनकी दुकानों के सामने लगातार गंदा पानी भरा रहता है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण कई दुकानों को बंद तक करना पड़ा है, जिससे व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि गांधी मूर्ति से माल गोदाम चौराहा तक नाला निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्थायी राहत के लिए पंपसेट के माध्यम से जमा गंदे पानी को निकाला जा रहा है तथा क्षेत्र में साफ-सफाई के भी निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए गए हैं।
प्रशासन का दावा है कि निर्माण कार्य पूरा होते ही जलनिकासी व्यवस्था सुचारु हो जाएगी और लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी, लेकिन फिलहाल स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नाला निर्माण बना मुसीबत, गांधी मूर्ति के पास जलभराव से जनजीवन प्रभावित


