फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के ऊजरामऊ गांव में अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, पीतल के बर्तन, गृहस्थी का सामान और मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह पड़ोसियों ने मकान मालिक को फोन पर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ऊजरामऊ निवासी देशराज पुत्र नथु पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। वह करीब महीने में एक बार गांव आते हैं। दिल्ली में रहने के कारण गांव स्थित उनका मकान अधिकांश समय बंद रहता है।
बीती रात अज्ञात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि चोरों ने घर में रखे महिला के सोने के जेवरात, जिनमें मांगबेदी, नथनी, अंगूठी और हार शामिल हैं, चोरी कर लिए। इसके अलावा चांदी की तीन जोड़ी पायल, कमरबंद, पीतल के बर्तन और गृहस्थी का अन्य सामान भी चोर समेट ले गए। घर में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली गई।
सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा तो दिल्ली में रह रहे देशराज को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
जांच के दौरान मकान से करीब 100 मीटर दूर खेत में एक बक्सा पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने खेत में बक्सा खोलकर सामान निकाला और उसे वहीं छोड़ दिया।
देशराज की तहरीर पर राजेपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य सुराग जुटा रही है।
बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी, जेवरात और बाइक ले गए चोर


