फर्रुखाबाद। जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने स्टीमर से सदर तहसील क्षेत्र में बाढ़ के पानी से घिरे दौली की मड़ैया गांव पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की। करीब पांच किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंचे मंत्री ने बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यों की जानकारी ली।
गंगा के कटान में मकान गंवाने वाले 25 बाढ़ पीड़ितों को पड़ोसी बिलावलपुर गांव में आवास बनाने के लिए जमीन के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही मकान निर्माण के लिए प्रत्येक पीड़ित के खाते में भेजी गई 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र भी दिया गया। पीड़ितों को राशन किट उपलब्ध कराने के साथ कार्यक्रम के अंत में पका हुआ भोजन भी वितरित किया गया।
घर में चल रही थी बच्चों की कक्षा
बाढ़ के कारण गांव के स्कूल में पानी भर गया है। इसके चलते एक घर में बच्चों की कक्षा संचालित की जा रही थी। मंत्री के पहुंचने के दौरान वहां 19 बच्चे मौजूद थे। बच्चों ने ‘हर घर तिरंगा’ प्रतियोगिता के तहत तिरंगा स्लोगन के साथ मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें टॉफी व बिस्कुट के पैकेट दिए।
स्वास्थ्य शिविर जारी रखने के निर्देश
मंत्री जयवीर सिंह ने गांव में लगाए गए स्वास्थ्य कैंप की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी गांव में नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते रहें, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं या गंगा में समा गए हैं, उनके खातों में सहायता राशि भेजी गई है। मकान निर्माण के लिए जमीन भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
25 पीड़ितों को मिली जमीन और सहायता
बाढ़ पीड़ित महेंद्र, जितेंद्र, मचले, रनवीर, पूरनलाल, कुलदीप, राजू, श्यामनंद, रंजेश, विश्राम, सर्वेश, राधा, वीरभान, आसाराम, ईश्वर दयाल, धर्मपाल, सीमा, जंग बहादुर, ओमवती, रामवीर, सुखपाल, उर्मिला, प्रेमलता, रेशमा और विनोद को जमीन का पट्टा और मकान निर्माण के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
दौरे के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर राठौर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एडीएम अरुण कुमार सिंह, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण दुबे समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित दौली की मड़ैया का किया दौरा, 25 पीड़ितों को जमीन के प्रमाण पत्र बांटे


