अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि में स्थित भव्य राम मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंदिर को कुल लगभग 220 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है।
मंदिर प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच हुंडी दान के माध्यम से कुल 54.79 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। वहीं मंदिर परिसर में स्थापित दान काउंटरों पर श्रद्धालुओं ने 18.88 करोड़ रुपये का योगदान दिया।
इसके अलावा डिजिटल युग के अनुरूप ऑनलाइन माध्यम से भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की, जिसके तहत 8.33 करोड़ रुपये का दान प्राप्त हुआ। हालांकि विदेशी दान के रूप में अपेक्षाकृत कम राशि, लगभग 78 लाख रुपये ही प्राप्त हो सकी।
मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। विशेष अवसरों और त्योहारों पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे मंदिर की आय में भी निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि प्राप्त दान राशि का उपयोग मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में किया जा रहा है।
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद से ही यहां आस्था का एक नया केंद्र स्थापित हुआ है, जहां हर दिन श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है और दान के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहा है।
अयोध्या राम मंदिर में आस्था का प्रवाह जारी, वित्तीय वर्ष में 220 करोड़ की आय


