बोगोटा
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां 110 सैनिकों को लेकर उड़ान भर रहा एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब हरक्यूलिस C-130 विमान दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था और पेरू सीमा के पास अचानक नियंत्रण खो बैठा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान सेना के जवानों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान रिहायशी इलाके के बेहद करीब था, लेकिन पायलट की सूझबूझ से यह बड़ी आबादी वाले क्षेत्र से टकराने से बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा नागरिक नुकसान टल गया।
इस हादसे में 20 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोलंबियाई सेना, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया। दुर्घटनास्थल अमेजन के घने और दुर्गम जंगलों में होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि विमान के कार्गो हिस्से में रखी गई करेंसी दुर्घटना के बाद आसपास के इलाके में बिखर गई, जिसके चलते कुछ स्थानों पर स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने का दावा किया है।
कोलंबिया सरकार ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं, सेना ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर सैन्य विमानों की सुरक्षा और तकनीकी जांच की जरूरत पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पूरे देश में शोक की लहर है और लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।


