35 C
Lucknow
Thursday, March 26, 2026

खानपुर कदीम में एक ही रात तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

Must read

 

फतेहपुर
जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के खानपुर कदीम गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई, जहां अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवारों में रोष और भय दोनों देखने को मिल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गांव निवासी नरेंद्र के घर को निशाना बनाया। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने करीब एक लाख रुपये के गहने और लगभग आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद चोर सीढ़ी लगाकर अशोक उमराव के घर में घुसे, जहां से उन्होंने कुछ जरूरी दस्तावेजों के साथ करीब 5,500 रुपये नकद पार कर दिए।

चोरी की यह वारदात यहीं नहीं रुकी, बल्कि चोरों ने पड़ोसी मनोज उमराव के घर को भी निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार, उनके घर से करीब 32 हजार रुपये नकद के अलावा मंगलसूत्र, हार, अंगूठी सहित सोने-चांदी के लगभग दस लाख रुपये के कीमती गहने चोरी कर लिए गए। एक ही रात में तीन घरों में हुई इस बड़ी चोरी से गांव के लोग सहमे हुए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने घरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, जिससे परिवार के सदस्य अंदर ही कैद हो गए और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लग सकी। सुबह जब लोगों ने दरवाजे खोले तो घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही देवरी चौकी और जाफरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी बृज मोहन राय ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने पुलिस टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और गांव में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। इस घटना ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article