28 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

साइकिल पंचर होने से सड़क पर गिरा छात्र, ट्रैक्टर की टक्कर से गंभीर घायल

Must read

फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल जाते समय साइकिल पंचर होने के कारण संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा और उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव सिनौली निवासी विनोद का पुत्र रोमन महादेवपुर स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 6 का छात्र है। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह अपनी साइकिल से स्कूल जा रहा था। बताया गया है कि स्कूल पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले उसकी साइकिल अचानक पंचर हो गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रोमन को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र बहादुर ने बताया कि छात्र को तत्काल भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है, हालांकि उसे निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, ऐसे में प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article