नवीन स्टोन क्रेशर पर खनन विभाग मेहरबान, नियमों की उड़ रही धज्जियां
झांसी। जनपद के गोरा मछिया क्षेत्र में संचालित नवीन स्टोन क्रेशर पर नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन विभाग की मिलीभगत से यहां अवैध तरीके से संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्रेशर से उड़ने वाली धूल के गुबार से क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो गया है। पत्थर के बारीक कण हवा में घुलकर लोगों के फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं, जिससे अस्थमा और अन्य सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बुजुर्गों की हालत गंभीर हो चुकी है।
मामले में खनन अधिकारी शैलेंद्र पटेल पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि उनके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है और नियमों को नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे पहले भी उनके कार्यकाल को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं।
बताया जा रहा है कि यहां ओवरलोड ट्रकों का संचालन भी धड़ल्ले से हो रहा है। MM-11 के बजाय NR (नॉन-रजिस्टर) में ट्रकों का संचालन किया जा रहा है, जिससे राजस्व की भी हानि हो रही है। पूंछ खनन बैरियर से प्रतिदिन हजारों ट्रकों के निकलने की बात कही जा रही है।
इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की चुप्पी और खनन विभाग की भूमिका पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।


