15 मार्च से सुबह 9:30 से शाम 6:30 बजे तक चलेगा कंट्रोल रूम, आम नागरिकों की शिकायतें तुरंत दर्ज होंगी
फर्रुखाबाद। ईरान-इजरायल सहित खाड़ी देशों के बीच चल रहे युद्ध की स्थिति को देखते हुए घरेलू गैस, प्राकृतिक गैस, पेट्रोल और डीजल के आयात पर प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए कलेक्ट्रेट में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार जनपद में घरेलू गैस, प्राकृतिक गैस, पेट्रोल व डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी प्रकार की किल्लत या वितरण में बाधा न आने देने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में जिला पूर्ति अधिकारी के प्रभार में कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा।
यह कंट्रोल रूम 15 मार्च 2026 से प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक संचालित रहेगा। आम नागरिक गैस, पेट्रोल या डीजल की उपलब्धता से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 05692-235077 पर दर्ज करा सकेंगे।
आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें खाद्य एवं रसद विभाग, डीएसओ कार्यालय, नगर विकास विभाग और नागरिक सुरक्षा कोर के कर्मचारी शामिल हैं, जो शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि कंट्रोल रूम में प्राप्त सभी शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही प्रभारी अधिकारी द्वारा प्रतिदिन शिकायत पंजिका का निरीक्षण भी किया जाएगा।
यह आदेश अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क करें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
गैस-पेट्रोल की संभावित कमी को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित


