औरैया। युवाओं को लोकतांत्रिक संवाद से जोड़ने और उनके विचारों को मंच देने के उद्देश्य से जनपद में सात मार्च को जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम तिलक महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन माई भारत (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने बताया कि इस आयोजन को लेकर पहले ही महाविद्यालय और संबंधित मंत्रालय के बीच एमओयू किया जा चुका है। इसी के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम तिलक महाविद्यालय में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर प्रदान करना है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी जय सिंह ने बताया कि इस युवा संसद में वही प्रतिभागी भाग ले सकेंगे जो माई भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं और जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष के बीच है। प्रतिभागियों को अपने विचार हिंदी या अंग्रेजी भाषा में प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रतिभागी को मंच से अपने विचार रखने के लिए अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा, जिसमें वह देश के विकास, युवा शक्ति, सामाजिक बदलाव और राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े अपने दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तर की युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के मंच पर अपने विचार रखने का मौका दिया जाएगा। इस प्रकार यह कार्यक्रम युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।
उपनिदेशक अनवर वारसी ने जनपद के सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं की आवाज को संवाद के माध्यम से जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, जिससे नई पीढ़ी राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सके।


