शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आगामी होली पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में 1 मार्च 2026 को (जीआरपी) द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान गवर्मेंट रेलवे पुलिस उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक, राजकीय रेलवे पुलिस उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रकाश सिंह ने किया।
चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस बल, आरपीएफ स्टाफ तथा एण्टी सेवोटाज टीम ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 से 07, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर में आने-जाने वाली ट्रेनों की सघन तलाशी ली। सुरक्षा टीम ने यात्रियों के सामान की भी जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी।
अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस टीम स्टेशन परिसर में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि होली जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


