कोलकाता। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने वर्ष 2026 के राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार शाम अपने चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री रह चुके नेता बाबुल सुप्रीयो , पश्चिम बंगाल के पूर्व पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार , वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी तथा अभिनेत्री कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है।
पश्चिम बंगाल से वर्ष 2026 में राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो रही हैं। 294 सदस्यीय विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, जिसके चलते राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी पांच में से चार सीटें आसानी से अपने नाम कर सकती है। एक सीट पर मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी की दावेदारी मानी जा रही है।
विधानसभा की मौजूदा संख्या बल को देखते हुए परिणाम लगभग तय माने जा रहे हैं, हालांकि यदि कोई दल अतिरिक्त उम्मीदवार मैदान में उतारता है तो मुकाबला रोचक हो सकता है। ऐसी स्थिति में क्रॉस वोटिंग और रणनीतिक समीकरण चुनावी परिदृश्य को प्रभावित कर सकते हैं।
राजनीतिक हलकों में इस घोषणा को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। बाबुल सुप्रियो और राजीव कुमार जैसे चर्चित चेहरों के चयन से प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक संदेश, दोनों को साधने का प्रयास माना जा रहा है, जबकि मेनका गुरुस्वामी और कोयल मल्लिक के नामों से पेशेवर और सांस्कृतिक क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश दिखाई दे रही है।
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। फिलहाल राज्य की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है।





