सैरपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, दूसरा आरोपी हिमांशु यादव फरार
लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सैरपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी गोविंद पाल को फर्रुखाबाद मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सर्विलांस टीम और सैरपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। हालांकि, मामले का दूसरा आरोपी हिमांशु यादव अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।


