20.1 C
Lucknow
Wednesday, February 25, 2026

वरमाला के दौरान मां को पड़ा दिल का दौरा, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Must read

कासगंज: जनपद के सिकंद्राराऊ मार्ग स्थित गांव बेरी में एक विवाह समारोह उस समय शोकसभा में बदल गया, जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान दुल्हन की मां को अचानक दिल का दौरा पड़ गया और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। खुशियों और उल्लास से भरे माहौल में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार गांव बेरी निवासी छोटे सिंह की पुत्री रेखा का विवाह अलीगढ़ जनपद के अतरौली क्षेत्र से आई बारात के साथ संपन्न हो रहा था। घर में कई दिनों से मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सोमवार रात करीब नौ बजे जयमाला की रस्म अदा की जा रही थी। स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को वरमाला पहना चुके थे और परिजन बारी-बारी से आशीर्वाद देने पहुंच रहे थे।

इसी दौरान दुल्हन की मां शशि देवी भी बेटी को आशीर्वाद देने के लिए मंच पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह बेटी के पास खड़ी हुईं, उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे वहीं लड़खड़ा कर गिर पड़ीं। पहले तो लोगों को लगा कि शायद चक्कर आ गया है, लेकिन जब उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन तत्काल उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद हालत गंभीर बताई। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया हृदयाघात को मौत का कारण बताया है।

शादी समारोह में शामिल बाराती और घराती इस घटना से स्तब्ध रह गए। जिस घर में कुछ क्षण पहले तक ढोल-नगाड़ों और शहनाई की गूंज थी, वहां अचानक सन्नाटा छा गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक ओर बेटी की विदाई की तैयारी थी, तो दूसरी ओर मां की अर्थी उठने की नौबत आ गई।

ग्रामीणों के अनुसार शशि देवी मिलनसार स्वभाव की महिला थीं और विवाह की तैयारियों में पिछले कई दिनों से जुटी हुई थीं। बेटी की शादी को लेकर वह बेहद उत्साहित थीं। घटना के बाद विवाह की शेष रस्में सादगीपूर्वक पूरी की गईं।
इस हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। गांव में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article