21 C
Lucknow
Monday, February 16, 2026

315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

Must read

फर्रुखाबाद| राजेपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध असलहे के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान सुमित (20 वर्ष) पुत्र जवाहर सिंह, निवासी ग्राम भूलनपुर, थाना कमालगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। बताया गया है कि राजेपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक गढ़िया गांव के निकट स्थित त्रिशूल मंदिर के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम को देखते ही युवक घबराया हुआ नजर आया। शक के आधार पर जब उसकी घेराबंदी कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में युवक हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि अवैध असलहा रखने के आरोप में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी और गश्त बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article