एटा: शहर क्षेत्र स्थित मोहल्ला पीपल अड्डा (Mohalla Peepal Adda) में गुरुवार को पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। दो मंजिला मकान की छत से गिरकर (Woman falls from roof) एक विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान साधना के रूप में हुई है, जिसका मायका थाना मेरापुर क्षेत्र, जनपद फर्रुखाबाद में बताया गया है। साधना के पिता राकेश के अनुसार दो दिन पूर्व उनकी बेटी की ननद की शादी थी, जिसमें वह भात पहनाने आए थे। उनका आरोप है कि उसी दौरान दामाद सूरज और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी को धमकाया था।
घायल साधना ने अस्पताल में बताया कि उसका पति सूरज और सास उसे लंबे समय से शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उसका कहना है कि ननद की शादी में भी उसे शामिल नहीं होने दिया गया। बृहस्पतिवार को किसी बात को लेकर पति से दूसरी मंजिल की छत पर बातचीत हो रही थी, तभी सास वहां पहुंच गई और गाली-गलौज करने लगी। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर पति और सास ने उसे छत से नीचे फेंक दिया।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला द्वारा स्वयं छत से कूदने का प्रतीत हो रहा है। पटियाली गेट चौकी प्रभारी निजामुद्दीन ने बताया कि महिला को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा ही मेडिकल कॉलेज लाया गया था। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।


