इटावा। सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS) ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के सर्जरी विभाग ने पहली बार एक ही सर्जिकल सत्र में अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक के माध्यम से तिल्ली (स्प्लीन) और पित्ताशय (गॉलब्लैडर) की सफल सर्जरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जटिल ऑपरेशन फिरोजाबाद जनपद की 40 वर्षीय पूजा देवी पर किया गया, जो लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
चिकित्सकों के अनुसार मरीज की तिल्ली असामान्य रूप से बढ़कर लगभग दो किलोग्राम वजन की हो गई थी, जिसे चिकित्सकीय भाषा में स्प्लीनोमेगाली कहा जाता है। बढ़ी हुई तिल्ली के कारण उन्हें गंभीर एनीमिया (खून की कमी) और प्लेटलेट्स की कमी की समस्या हो गई थी। इसके अतिरिक्त पित्ताशय में पथरी होने से उन्हें बार-बार तेज पेट दर्द और संक्रमण की शिकायत रहती थी। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विस्तृत जांच और परामर्श के बाद एक ही सत्र में दोनों सर्जरी करने का निर्णय लिया।
सर्जरी का नेतृत्व वरिष्ठ सर्जन डॉ. एस. पी. सिंह, डॉ. विपिन गुप्ता और डॉ. राम लखन ने किया, जबकि एनेस्थीसिया विभाग की जिम्मेदारी डॉ. विक्रम सिंह और डॉ. राघवेंद्र सिंह ने संभाली। पूरी प्रक्रिया केवल 5 से 10 मिलीमीटर के चार छोटे चीरे लगाकर की गई। बिना बड़ा चीरा लगाए पहले बढ़ी हुई तिल्ली को सुरक्षित रूप से निकाला गया, उसके बाद पथरी से ग्रस्त पित्ताशय को हटाया गया। आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक के कारण मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव और संक्रमण के न्यूनतम खतरे के साथ तेजी से रिकवरी का लाभ मिला।
ऑपरेशन के बाद पूजा देवी की हालत संतोषजनक बताई गई है और वे चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस प्रकार की संयुक्त सर्जरी तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, लेकिन विशेषज्ञ टीमवर्क और आधुनिक उपकरणों की मदद से इसे सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने इस उपलब्धि पर पूरी चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की उन्नत सर्जिकल क्षमता, समर्पित टीमवर्क और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी जटिल और आधुनिक सर्जरी के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रही है और प्रदेश के मरीजों को बेहतर एवं उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध करा रही है।


